June 6, 2026 2:23 pm

पीजीआई: जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या 

कार्यालय पर कार खड़ी करते समय दो नकाबपोश बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम 

सीसीटीवी कैमरे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की तस्वीर हुई कैद 

वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से फरार 

कातिलों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई 

दिनदहाड़े हुई घटना से इलाके में फैली सनसनी, पुलिस अधिकारी मौके पर 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। 17 मई 2026 को मड़ियांव क्षेत्र में ढाबा संचालक की गोली मारकर हुई हत्या का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि पीजीआई क्षेत्र में बुधवार को मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने 43 वर्षीय जमीन कारोबारी संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वह घर से अपने कार्यालय आकर कार खड़ी कर रहे थे। दिनदहाड़े हुई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के मुताबिक मृतक की पत्नी प्रीति सिंह की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हत्यारों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई है। जमीन विवाद सहित कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।

जौनपुर जिले के शिकारा थाना क्षेत्र स्थित टकारी गांव निवासी 43 वर्षीय संदीप सिंह अपनी पत्नी प्रीति सिंह के साथ पीजीआई क्षेत्र के वृन्दावन योजना में रहकर प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि संदीप सिंह रोज की तरह बुधवार को अपनी कार से इसी थाना क्षेत्र स्थित अपने कार्यालय आकर कार खड़ी कर जैसे ही निकले कि बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाश उनके पास आ धमके। वह कुछ समझ पाते कि इससे पहले बदमाशों ताबड़तोड़ फायरिंग कर संदीप सिंह को भून डाला। सिर में गोली लगते ही वह वहीं लड़खड़ाकर गिर पड़े। दिनदहाड़े हुई गोलियों की बौछार से इलाके में सनसनी फ़ैल गई।

बदमाशों को पकड़ने के लिए कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाई, लेकिन उनका दुस्साहस देख उनके कदम ठहर गए। बदमाश घटना को अंजाम देकर आसानी से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल संदीप सिंह को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि संदीप जैसे ही कार से उतर कर अपने दफ्तर की ओर जाने के लिए कदम बढ़ाया कि बदमाशों ने सिर में गोली मारकर फुर्र हो गए। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद का कहना है कि बदमाशों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुरानी रंजिश, जमीन को लेकर लेन-देन सहित कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

59
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!