यूपी एसटीएफ ने साउथ ईस्ट दिल्ली से दबोचा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस अभिरक्षा में मारे गए माफिया अशरफ के इशारे पर संगीन घटनाओं को अंजाम देकर फरार चल रहे पचास हजार रुपए के इनामी बदमाश अफसार अहमद को यूपी एसटीएफ टीम ने बुधवार को साउथ ईस्ट दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस उपाधीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि माफिया अशरफ का मुख्य सहयोगी प्रयागराज जिले के पूरा मुफ्ती क्षेत्र स्थित सल्लाहपुर निवासी अफसार अहमद साऊथ ईस्ट दिल्ली में छिपकर रह रहा। उन्होंने बताया कि अशरफ़ के इशारे पर कई घटनाओं को अंजाम देने वाले अफसार अहमद की गर्दन तक पहुंचने के लिए उपनिरीक्षक जय प्रकाश राय की टीम को लगाया गया।
टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर इनामी बदमाश अफसार अहमद को गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक जय प्रकाश राय के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश अफसार शातिर किस्म का अपराधी है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अफसरों ने पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
उपनिरीक्षक जय प्रकाश राय के मुताबिक पकड़े गए इनामी बदमाश अफसार अहमद ने पूछताछ में बताया कि वह बरेली जिला कारागार में बंद माफिया अशरफ से मिलने जाता था और अपनी ही आईडी के जरिए अपने सहयोगियों अजहर, लल्ला गद्दी, गुड्डू, मुस्लिम, साबिर व अरमान को साथ लेकर पुलिस अभिरक्षा में मारे गए माफिया अशरफ से बरेली जेल में मुलाकात करवाता था और उसी के इशारे पर रंगदारी, लूट, अपहरण व हत्या जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार किया है।




