August 8, 2026 2:12 am

पुलिस कर्मियों की सुरक्षा को लेकर हुआ एमओयू, मिलेगा सुरक्षा कवच  

ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी पुलिस के कर्मचारियों के कल्याण और वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। पुलिस कर्मियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और सुरक्षा कवच देने के उद्देश्य से पुलिस विभाग और बैंकिंग संस्थान के बीच समझौते का नवीनीकरण किया गया है। यह पहल न केवल कार्यरत कर्मियों बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए भी राहत लेकर आएगी।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण की उपस्थिति में बैंक ऑफ़ बड़ोदा और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच पुलिस सैलरी पैकेज के नवीनीकरण को लेकर तीन वर्षों के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता पहले 21 मार्च 2023 को किया गया था, जिसकी अवधि 20 मार्च 2026 को पूरी हो गई। पुलिस कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इसे पुनः नवीनीकृत किया गया है, जो 21 मार्च 2026 से प्रभावी होगा।इस नवीनीकरण के तहत पुलिस कर्मियों को उन्नत बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण वित्तीय लाभ मिलेंगे। विशेष रूप से, PSP के अंतर्गत पुलिस कर्मियों को 2 करोड़ 30 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया जाएगा। यह कवर आकस्मिक मृत्यु, आंशिक या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा।

इस योजना का दायरा केवल सेवा में कार्यरत कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों, यानी फैमिली पेंशनरों को भी दुर्घटना से संबंधित विशेष लाभ प्रदान किए जाएंगे।पुलिस महानिदेशक ने विश्वास जताया कि यह नवीनीकृत एमओयू पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत करेगा। साथ ही यह कदम पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!