लखनऊ। पूरे देश में सोमवार को त्याग और बलिदान का त्योहार (बकरीद) ईद-उल-अजहा हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। देश में जगह-जगह मस्जिदों में बकरीद की नमाज अता की गई। लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर हिंदुओं ने भी मुसलिम भाइयों को मिठाई खिलाकर ईद की मुबारकबाद दी।सोमवार को लखनऊ के हर क्षेत्र में आपसी भाईचारे के साथ बकरीद मनाई गई। लोगों ने विभिन्न मस्जिदों व ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की। लखनऊ के ईदगाह,टीले वाली मस्जिद और अन्य स्थानों पर अलग- अलग समय पर नमाज अदा की गई।
बकरीद की नमाज अदा करने के बाद बड़े, बुजुर्ग एवं बच्चों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। सभी नमाज स्थलों पर मेला सा नजारा देखा गया। बकरीद को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। नमाज स्थल के अलावे लखनऊ के विभिन्न चौक चौराहों पर पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात थे। दिन भर पुलिस की गाड़ी सड़कों पर पेट्रोलिंग करती नजर आयी।




