न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ।उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस’ के अवसर पर प्रदेशवासियों एवं प्रकृति प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “प्रकृति की विविधता ही जीवन की असली संपदा है। जैव विविधता का संरक्षण मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे, वन्य जीव, जल स्रोत एवं सूक्ष्म जीव मिलकर धरती पर जीवन का संतुलन बनाए रखते हैं। यदि किसी एक प्रजाति का अस्तित्व समाप्त होता है, तो उसका प्रभाव पूरे पर्यावरण तंत्र पर पड़ता है। इसलिए प्रकृति एवं जैव संसाधनों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन हेतु निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। विगत वर्षों में प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया गया है तथा जैव विविधता संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने आसपास के पर्यावरण, जल स्रोतों, वन्य जीवों एवं हरियाली के संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं।उप मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया है




