सीतापुर। (संवाददाता) बरातपुर ग्राम बरातपुर चौराहे पर स्थित प्राचीन वीरेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में इन दिनों श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन चल रहा है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर रहे हैं। इसी कड़ी में, कथा के दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक श्री अनूप कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कथा स्थल पर पहुँचने पर आयोजन समिति और समस्त ग्रामवासियों ने फूल-मालाओं से पूर्व विधायक का भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। भगवान वीरेश्वर नाथ के दर्शन एवं व्यास पीठ का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद, श्री अनूप कुमार गुप्ता ने उपस्थित विशाल जनसमूह और समस्त ग्राम पंचायत का अभिवादन स्वीकार किया। अपने संबोधन में उन्होंने ऐसे धार्मिक आयोजनों को समाज में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक बताया और सफल आयोजन के लिए पूरी समिति की सराहना की।
इस अवसर पर क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी एवं युवा चेहरे चौधरी आशीष कुमार प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अम्बेडकर सामाजिक एकता मंच ने बताया कि बरातपुर चौराहे पर श्रीमद्भागवत कथा का यह धार्मिक आयोजन कोई नया नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से लगातार पूरे विधि-विधान के साथ होता चला आ रहा है। उन्होंने बताया कि इस पावन अनुष्ठान में केवल बरातपुर ही नहीं, बल्कि आस-पास के कई गांवों के भागवत प्रेमी और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो जाता है।
आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की अहम भूमिका रही। इस विशेष मौके पर श्री सुरेश पाल सिंह, रोहित सिंह, शिवराज सिंह, महिपाल सिंह, और मैनेजर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में भागवत प्रेमी, महिलाएं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





