शिकायत के बाद एसपी नें किया निलंबित, विस्तृत जांच जारी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के बरेली जिले नवाबगंज क्षेत्र की एक पुलिस चौकी में तैनात उपनिरीक्षक पर एक महिला ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।
आरोपों के मुताबिक, महिला अपनी शिकायत दर्ज कराने चौकी पहुंची थी, लेकिन वहां उसे न्याय मिलने के बजाय कथित तौर पर गलत व्यवहार का सामना करना पड़ा।बताया जा रहा है कि शिकायत की जांच के दौरान ही चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने महिला से अनुचित संबंध बनाने की कोशिश की और बाद में उसे मानसिक रूप से परेशान करते हुए शोषण किया। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए इस पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने तुरंत जांच के आदेश दिए। शुरुआती जांच में महिला के आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपी उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नरमी नहीं बरती जाएगी।एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों का आचरण मर्यादित और कानून के अनुरूप होना चाहिए। यदि कोई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का दुरुपयोग करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।यह घटना आम लोगों, खासकर महिलाओं के लिए चिंता का विषय बन गई है। जहां पुलिस से सुरक्षा और न्याय की उम्मीद की जाती है, वहीं इस तरह के आरोप व्यवस्था पर भरोसा कमजोर करते हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।





