November 4, 2026 6:17 pm

बाजारखाला: एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या, खून से लथपथ शव बाथरूम में पड़ा मिला 

कांदा टिकैतगंज के चूड़ी वाली गली में हुई घटना का मामला 

करीबियों की भूमिका पर संदेह, सोते समय की गई हत्या 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी में हत्या किए जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बंथरा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब बाजारखाला थाना क्षेत्र के कांदा टिकैतगंज में ठाकुरगंज निवासी 40 वर्षीय मनोज कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने मनोज के ऊपर किसी भारी वस्तु से वारकर मौत की नींद सुला दिया। उनका खून से लथपथ शव सोमवार को घर के भीतर बाथरूम में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ छानबीन की। हत्या के पीछे पुलिस करीबियों की भूमिका की आंशका जाहिर कर रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बाजारखाला थाना क्षेत्र के कांदा टिकैतगंज के चूड़ी वाली गली में रहने वाले एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। यह माजरा देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस कमरे का दरवाजा खुलवाकर भीतर दाखिल हुई तो देखा कि बाथरूम में उनका खून से लथपथ शव पड़ा है और उनके नाक व मुंह से खून निकल रहा था और कमरे में चारों ओर खून बिखरा पड़ा था। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उन्होंने ने अपनी जान बचाने के लिए बदमाशों से संघर्ष किया, लेकिन कातिलों के आगे घुटने टेक कर रह गए। इंस्पेक्टर बाजारखाला के मुताबिक मृतक मनोज कुमार रस्तोगी ठाकुरगंज क्षेत्र के मरी माता मंदिर के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि घरवालों की मौजूदगी में छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पास के लोगों को नहीं लगी भनक

मनोज कुमार रस्तोगी का खून से लथपथ शव जिस मकान में मिला वह घनी आबादी के बीच है, लेकिन किसी को जरा भी भनक नहीं लग सकी। बताया जा रहा है कि आसपास में कई मकान हैं। पुलिस हत्या के पीछे करीबी लोगों की भूमिका पर संदेह व्यक्त कर रही है। पुलिस इस घटना की कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!