August 8, 2026 2:14 am

बीकेटी में दिव्यांग बुजुर्ग को फॉर्चूनर से अगवा कर जमीन की जबरन रजिस्ट्री का प्रयास, ग्रामीणों ने खदेड़कर बचाया

बीकेटी, लखनऊ। (संवाददाता) सैरपुर थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने की एक सनसनीखेज साजिश का मामला सामने आया है। यहाँ एक दिव्यांग बुजुर्ग को फॉर्चूनर कार में जबरन अगवा कर उनसे जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम कराने का प्रयास किया गया। हालांकि, ग्रामीणों की मुस्तैदी और बहादुरी के कारण बुजुर्ग को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया गया।

पीड़ित 60 वर्षीय राम सेवक के अनुसार, शनिवार दोपहर वह अपने घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही दबंग युवक अमरेंद्र यादव उर्फ पप्पू बाबा अपने दो अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोपी बुजुर्ग को जबरन खींचकर अपनी फॉर्चूनर कार में बैठाकर ले गए। पीड़ित का आरोप है कि चलती कार में आरोपी लगातार उन पर जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करने का दबाव बना रहे थे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।

अपहरणकर्ताओं के चंगुल में फंसे राम सेवक ने जब अपने मोबाइल से परिजनों को सूचना देने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनका फोन छीन लिया। इसके बाद, जैसे ही कार रैथा रोड स्थित धनीराम मार्केट के पास पहुँची, बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाकर कार के अंदर से ही जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।

बुजुर्ग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत सक्रिय हो गए। ग्रामीणों ने हौसला दिखाते हुए फॉर्चूनर कार का पीछा किया और उसे घेरकर रुकवा लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला।

आरोप है कि जब ग्रामीण बुजुर्ग को बचा रहे थे, तो आरोपियों ने मदद के लिए आगे आए मुलायम यादव और अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की। हालांकि, जैसे ही मौके पर भीड़ बढ़ने लगी, आरोपी स्थिति बिगड़ती देख कार सहित वहाँ से फरार हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय इलाके में दहशत और भारी नाराजगी का माहौल है।

पीड़ित राम सेवक ने इस मामले में सैरपुर थाने में नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बुजुर्ग का आरोप है कि मामला इतना गंभीर होने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। दूसरी ओर, इस मामले पर पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल चुकी है और मामले की गहनता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!