August 8, 2026 2:12 am

बुलंदशहर: तीन लोगों की हत्या कर सनसनी फैलाने वाला कुख्यात बदमाश मुठभेड़ में ढेर 

इंस्पेक्टर व हेड कांस्टेबल जवाबी फायरिंग में घायल 

इंस्पेक्टर खुर्जा और हेड कांस्टेबल की बुलेट प्रूफ जैकेट में धंसी गोली, बाल-बाल बचे 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीते 25-26 अप्रैल 2026 की रात खुर्जा नगर क्षेत्र में फायरिंग कर तीन लोगों की हत्या कर फरार चल रहे पचास हजार के इनामी बदमाश जीतू सैनी को बुधवार देर रात मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से भाग निकला। पुलिस घायल कुख्यात बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इससे पहले पुलिस इस घटना में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस टीम को मौके से एक 32 बोर की पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस, 14 खोखा कारतूस व एक एक्टिवा स्कूटी बिना नंबर की बरामद हुई है।

कुख्यात बदमाश जीतू मूलरूप से बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला पंजाबियान का रहने वाला था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 25-26 अप्रैल 2026 की रात खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के सुभाष रोड पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन लोगों को मौत की नींद सुलाने के बाद भाग निकला था।

इंस्पेक्टर खुर्जा नगर रामफल सिंह के मुताबिक इस मामले में पूर्व में पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया था, जबकि जीतू सैनी फरार चल रहा था।

इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के आलाधिकारियों ने पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर खुर्जा नगर और स्वाट टीम फरार चल रहे बदमाश की तलाश में जुटी थी कि बुधवार देर रात पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि इनामी बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में अपने एक साथी के साथ मंडरा रहा है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर खुर्जा नगर रामफल सिंह, इंस्पेक्टर अनुप शहर मोहम्मद असलम, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार, स्वाट टीम में तैनात हेड कांस्टेबल कपिल नैन मौके पर पहुंचे और नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि तभी स्कूटी पर सवार होकर दो लोग संदिग्ध हालात में आते दिखे। पुलिस टीम ने उन्हें रूकने का इशारा किया तो वह नहीं रूके। पुलिस टीम ने दबोचने के पीछा किया तो बेखौफ बदमाशों ने झाझर रोड पर पहुंचते ही पुलिस टीम पर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश को सीने में गोली लग गई, जबकि अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक बदमाश भाग निकला। पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आमने-सामने हुई गोलियों की बौछार की चपेट आकर इंस्पेक्टर सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि इंस्पेक्टर खुर्जा नगर रामफल सिंह व हेड कांस्टेबल कपिल नैन की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली धंस गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। इंस्पेक्टर खुर्जा नगर रामफल सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में ढेर हुए बदमाश की पहचान बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र स्थित पंजाबियान निवासी जीतू सैनी पुत्र सुभाष सैनी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!