मारपीट के दौरान मृतक द्वारा वीडियो बनाने के विवाद में रविवार को हुई थी वारदात
घटना में इस्तेमाल अवैध असलहा, कारतूस खोखा, जिंदा कारतूस व एक मोटरसाइकिल बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के भिटौली तिराहे के पास रविवार को ढाबा मालिक विजय यादव की हत्या मामूली कहासुनी होने पर वीडियो बनाने को लेकर चार लोगों ने की थी। इस सनसनीखेज मामले का राजफाश कर इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा व क्राइम ब्रांच एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सोमवार को आईआईएम रोड स्थित घैला पुल के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनके पास अवैध असलहा, कारतूस खोखा व जिंदा कारतूस के अलावा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा के मुताबिक पकड़े गए सभी आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम लखीमपुर-खीरी जिले के मितौली थाना क्षेत्र स्थित सेनपुर गांव निवासी निखिल पांडेय पुत्र सुरेन्द्र पांडेय, सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र स्थित खुबपुर गांव निवासी अतुल सिंह पुत्र संत कुमार सिंह, मितौली लखीमपुर-खीरी निवासी नवीन पांडेय पुत्र सुरेन्द्र पांडेय व सुल्तानपुर जिले के इमलिया थाना क्षेत्र स्थित केशवपुर निवासी ऋषभ कुमार शुक्ला पुत्र अरूण कुमार शुक्ला बताया। पकड़े गए आरोपितों में निखिल व नवीन पांडेय सगे भाई हैं। सैरपुर थाना क्षेत्र स्थित छठामील निवासी आयुष यादव ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया कि तीन युवकों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे कि इसी दौरान मृतक विजय यादव व उनके मित्र विवेक पांडेय द्वारा वीडियो बनाए जाने पर मारपीट कर रहे युवक विजय यादव से भिड़ गए और गाली-गलौज करते हुए कुछ देर में आकर देख लेने की धमकी देते हुए चले गए। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद आने के बाद पकड़े गए आरोपितों ने अपने होटल पर बैठे विजय यादव के सिर में गोली मारकर मौत की नींद सुलाने के बाद भाग निकले थे। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का राजफाश कर सोमवार को दो सगे भाइयों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।




