मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के विकासखंड मलिहाबाद के अंतर्गत ग्राम पंचायत कसमंडी खुर्द स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमानीगंज में सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को ‘नवीन प्रवेश उत्सव’
का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नए प्रवेश लेने वाले 22 छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उनके अभिभावकों की उपस्थिति में उन्हें उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना पर आधारित सुंदर नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों की इस प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
मेधावी छात्रों और उत्कृष्ट उपस्थिति के लिए सम्मान
विद्यालय ने इस अवसर पर अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों को भी साझा किया। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में विद्यालय की तीन छात्राओं—निमिषा कनौजिया, आस्था और अनुष्का ने सफलता का परचम लहराया है। इन मेधावी छात्राओं को विद्यालय की प्रधानाचार्य द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, वर्ष भर शत-प्रतिशत के करीब उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया, जिसमें छात्र युग (प्रथम), छात्रा प्रतीक्षा (द्वितीय) व तेजस्वी (तृतीय) स्थान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन
कार्यक्रम में एक बड़ी उपलब्धि की घोषणा की गई, जिससे विद्यालय परिवार गदगद नजर आया। ‘सत्यमेव जयते यूएसए’ संस्था द्वारा बैसाखी के अवसर पर आयोजित सरकारी विद्यालयों की ऑनलाइन भांगड़ा/गिद्दा प्रतियोगिता में अमानीगंज विद्यालय के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार हासिल किया।
शिक्षकों और अभिभावकों का सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्रधानाचार्य उर्मिला मौर्या, सहायक अध्यापक रूचि अरोरा, स्वप्निल सुमन मौर्या व ललिता मौर्या की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों अभिभावकों की उपस्थिति ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




