November 4, 2026 9:06 am

मलिहाबाद तहसील पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन: 10 सूत्रीय मांगों को लेकर SDM को सौंपा ज्ञापन

मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने मलिहाबाद तहसील परिसर में सोमवार को क्षेत्र की विभिन्न किसान एवं जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। माल ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र आजाद के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी (SDM) मलिहाबाद को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
उपजिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से एक माह का समय मांगते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित कर सभी समस्याओं का समय सीमा के भीतर निस्तारण कराया जाएगा।
ज्ञापन की मुख्य 10 सूत्रीय मांगें:
जलभराव से मुक्ति के लिए नाले का निर्माण: ग्राम पंचायत खड़सरा के दुबहा गांव स्थित अंबेडकर पार्क में गांव का गंदा पानी भर जाता है। इससे मुक्ति के लिए काशी यादव के घर से अंबेडकर पार्क होते हुए रामकुमार यादव के घर तक बड़े नाले का निर्माण कराया जाए।
चोरी हुई बिजली लाइन की पुनः बहाली: खड़सरा-चकाई मार्ग पर करीब ढाई वर्ष पूर्व लगभग 5 पोल की बिजली लाइन चोरी हो गई थी, जिसे कई शिकायतों के बाद भी अब तक नहीं लगाया गया। पोल और तार तत्काल लगवाए जाएं।
बालिका स्कूल का उच्चीकरण: राजकीय बालिका हाई स्कूल को इंटरमीडिएट तक उच्चीकृत किया जाए, ताकि क्षेत्र की छात्राओं को 12 किमी दूर जाने की समस्या से राहत मिल सके।
खाद्य स्टोर का पुनः संचालन: ग्राम पंचायत खड़सरा का बंद व जर्जर पड़ा सरकारी खाद्य स्टोर दोबारा चालू कराया जाए।
सड़क एवं नाली निर्माण (दुबहा चकाई): दुबहा चकाई गांव में राधेश्याम के घर से चंडिका गौतम के घर तक आरसीसी, इंटरलॉकिंग या उपयुक्त सड़क व नाली का निर्माण हो।
अंबेडकर पार्क में हाई मास्ट लाइट: दुबहा स्थित अंबेडकर पार्क में चार मुखी हाई मास्ट लाइट लगाई जाए ताकि प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त हो सके।
लक्ष्मी नारायण मंदिर पर लाइट: लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में पर्याप्त प्रकाश हेतु हाई मास्ट लाइट लगवाई जाए।
बरगदी गांव में सड़क व नाली निर्माण: बरगदी गांव में वीरेंद्र (पुत्र राधे लाल) के घर से लक्ष्मण के घर तक सड़क और नाली का निर्माण कराया जाए।
बरम बाबा स्थान पर लाइट: खड़सरा के बलदेव खेड़ा स्थित बरम बाबा स्थान पर चौमुखी हाई मास्ट लाइट लगाई जाए।
किसानों की अन्य क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित समाधान।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र आजाद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!