August 8, 2026 2:12 am

मलिहाबाद: दो पक्षों में खूनी संघर्ष के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार

रहीमाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दो दिन पूर्व दीवार हटाने के विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने गुरुवार को दोनों पक्षों के 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम अटेर में दो दिन पहले दीवार हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों से जगदीश, विजय भानु, राजरानी, भीम, आशा, सुभद्रा और दूसरे पक्ष से मनोज, देशराज, सोनू, रीना, पप्पू समेत कुल 12 लोग घायल हुए थे।

झड़प में विजय और मनोज गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज लखनऊ के KGMU (ट्रॉमा सेंटर) में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। गौरतलब है कि इस जमीन से जुड़ा मामला पहले से ही मलिहाबाद न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद दोनों पक्षों ने कानून को हाथ में लिया।

गुरुवार को उप निरीक्षक रामसेवक राना, आरक्षी धर्मेश यादव और पवन कुमार गश्त पर थे, तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर विवाद कर रहे लोगों को काबू में किया।

थाना प्रभारी का बयान: थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिभुनायक ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर शांति व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पकड़े गए सभी 10 आरोपियों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!