मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद विकास खंड के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय (उर्दू मीडियम)
के प्रांगण में ‘नामांकन उत्सव’, रिपोर्ट कार्ड वितरण एवं शिक्षण संवाद समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) मलिहाबाद, पदमशेखर मौर्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में परीक्षा में उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं को रिपोर्ट कार्ड के साथ-साथ उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। नए सत्र के लिए नव-प्रवेशित बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें पुस्तकों का वितरण किया गया।
विद्यालय की सहायक अध्यापिका हुसैन फातिमा की सेवानिवृत्ति पर उन्हें फूल-मालाओं और स्मृति चिह्न के साथ भावभीनी विदाई दी गई और उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को सराहा गया।
समारोह को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी पदमशेखर मौर्य ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि “6 से 14 वर्ष के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराएं। शिक्षा ही भविष्य की नींव है, और इसमें सभी ग्रामीणों का सहयोग अनिवार्य है।”
विद्यालय की इंचार्ज अध्यापिका फिरोज जहां ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत किया और अंत में आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सत्य प्रकाश पांडे, मनोज कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षिका हुसैन फातिमा सहित भारी संख्या में बच्चे और अभिभावक मौजूद रहे।




