April 22, 2026 2:56 pm

मलिहाबाद: बाग में सिंचाई करने गए पी.आर.डी. जवान पर मधुमक्खियों का जानलेवा हमला

मलिहाबाद, लखनऊ (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम गाड़ियां खेड़ा के निवासी और पीआरडी (PRD) जवान रामविलास यादव (50) सोमवार को अपने आम के बाग में सिंचाई करने गए थे, जहाँ उन पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों ने रामविलास के सिर, चेहरे और पैरों पर इतनी बुरी तरह काटा कि वह दर्द से बेहाल होकर बाग में ही बेहोश हो गए। काफी समय तक वह बाग में अचेत अवस्था में पड़े रहे। बाद में वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उन पर पड़ी, जिन्होंने तत्काल परिजनों को सूचित किया।

सूचना मिलने पर परिजन आनन-फानन में बाग पहुंचे और रामविलास को मोटरसाइकिल पर बिठाकर पास के एक निजी अस्पताल ले गए।

अस्पताल में देर शाम तक उनका सघन उपचार चला। स्थिति में कुछ सुधार होने पर डॉक्टरों ने दवा देकर उन्हें घर भेज दिया है, जहाँ उनका स्वास्थ्य लाभ जारी है।

यह कोई पहली घटना नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में ग्राम सभा खेड़ा माजरा कैथूलिया में भी कई बच्चों को मधुमक्खियों ने अपना निशाना बनाया था।

क्षेत्र में मधुमक्खियों के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में भारी दहशत और रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि “क्षेत्र में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन विभागीय कर्मचारी और उच्चाधिकारी इस समस्या का संज्ञान नहीं ले रहे हैं। अधिकारियों की इसी लापरवाही का खामियाजा आम जनता को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है।”

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन छत्तों को हटवाने और पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान करने हेतु तत्काल कदम उठाए जाएं।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!