लखनऊ, मलिहाबाद। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भटपुरवा स्थित ऐतिहासिक मां सनाही देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर भव्य कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और पवित्र आयोजन से पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
दौलतपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने किया आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन दौलतपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पवन शर्मा की ओर से किया गया। इस दौरान विधि-विधान से मां भगवती की पूजा-अर्चना की गई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना की गई।
दही-जलेबी का वितरित किया गया प्रसाद
पूजन और कन्याओं के चरण पखारने के बाद 151 कन्याओं को आदरपूर्वक कन्या भोज कराया गया। इस विशेष अवसर पर कन्याओं को भोजन के उपरांत पारंपरिक रूप से दही-जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे पाकर सभी बच्चे अत्यंत प्रसन्न नजर आए।
भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
कन्या भोज के दौरान पूरे मंदिर परिसर में माता के जयकारों और भजनों की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इस आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बने।





