लखनऊ, मलिहाबाद। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के विकासखंड मलिहाबाद अंतर्गत थाना रहीमाबाद क्षेत्र में पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश के कारण बेता नाला उफान पर है। नाले के बढ़ते जलस्तर ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है, जिसमें डूबने से दो किसानों—बाकी नगर निवासी मुकीम और तरौना निवासी कमलेश यादवकी दर्दनाक मौत हो गई।
बारिश और जलभराव के चलते सैकड़ों ग्रामीणों के कच्चे मकान ढह गए हैं, जिससे घरों में रखा राशन और गृहस्थी का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। सैकड़ों किसानों की खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न होकर बर्बाद हो चुकी हैं। बेघर हुए लोग दूसरों के घरों में शरण लेकर दिन काटने को मजबूर हैं।
स्कूल और बाजार जलमग्न, अन्यत्र शिफ्ट हुई कक्षाएं
बेता नाले के पानी की चपेट में आने से पूर्व माध्यमिक विद्यालय रहीमाबाद, प्राथमिक विद्यालय बाकी नगर, आंगनबाड़ी केंद्र रहीमाबाद और रहीमाबाद का सदर बाजार जलमग्न हो चुका है। स्कूलों में पानी भर जाने से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षाओं को दूसरे स्थानों पर शिफ्ट करके संचालित किया जा रहा है।
प्रशासनिक मदद न मिलने पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में रोष
पीड़ितों का आरोप है कि इतनी बड़ी आपदा के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस राहत सामग्री या मदद नहीं पहुंचाई गई है। क्षेत्र के ग्राम प्रधानों—जिदौर से सतीश गोस्वामी, तरौना से संदीप यादव, कैथूलिया से जवाहर, दौलतपुर से पवन शर्मा, मवई कला से जितेंद्र गौतम, गौदा मोजमनगर से सुशील कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उस्मान हुसैन, समाजसेवी जावेद अंसारी उर्फ बड़े, अनुज वर्मा, इश्तियाक अली, मनोज (खडोहा) तथा भारतीय किसान यूनियन (दशहरी ग्रुप) के जिला उपाध्यक्ष फरहान बेग समेत कई समाजसेवियों ने जिलाधिकारी (DM) से गुहार लगाई है।
ग्रामीणों मांग की है कि तत्काल क्षेत्र के लेखपालों को भेजकर नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराया जाए।
प्रभावित परिवारों को खाने-पीने की सामग्री, राहत पैकेज और आवास/मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मृतक किसानों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए ताकि उनका जीवन-यापन हो सके।
रहीमाबाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए रहीमाबाद थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुनायक ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने जलभराव में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों और दूसरे घरों में शिफ्ट कराया तथा ग्रामीणों से उफनते नाले के पानी से दूर रहने की अपील की। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि वे वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द सरकारी सहायता और राहत कार्य उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं।





