सरांवा के पास कार में बैठी महिला से लूटे थे जेवरात और नकदी, पुलिस ने दाखिल किया था आरोपपत्र
मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना मलिहाबाद में महिला से जेवरात और नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के कथित सरगना प्रेम कुमार वर्मा उर्फ प्रेम समेत तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों पर महिला को लूटने के बाद कार से धक्का देकर उतारने का आरोप है। मामले में पुलिस पहले ही आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, घटना दो सितंबर 2025 की है। ग्राम सरांवा के पास सफेद कार सवार दो पुरुषों और एक महिला ने कार में बैठी गीता कनौजिया से जेवरात और नकदी लूट ली थी। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को कार से धक्का देकर उतार दिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर मलिहाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान प्रेम कुमार वर्मा, सतीश गुप्ता और रामरानी के नाम सामने आए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान बरामद होने की बात भी कही है।
पुलिस ने प्रेम वर्मा को गिरोह का सरगना बताया है। वह गौतमबुद्धनगर के मंडी श्यामनगर का निवासी है, जबकि सतीश गुप्ता लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र और रामरानी हरदोई की निवासी हैं। रामरानी वर्तमान में दुबग्गा में किराये के मकान में रहती हैं।
इस मामले में 17 सितंबर 2025 को न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया था। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, प्रेम वर्मा को गौतमबुद्धनगर के तीन आपराधिक मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। पुलिस आयुक्त ने मंगलवार को गैंग चार्ट का अनुमोदन किया, जिसके बाद मलिहाबाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इस संबंध में थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार भाटी ने बताया कि इस घटना का मुकदमा विभिन्न धाराओं में पंजीकृत तीनों आरोपियों की तलाश शुरू करने हेतू जुट गई है पुलिस।





