ए अहमद सौदागर लखनऊ। महाराष्ट्र के भिवंडी में हनुमान मंदिर से मूर्ति के आभूषण और दानपात्र का पैसा चुराने वाले आरोपी को उप्र एसटीएफ ने सिद्धार्थनगर से दबोच लिया। घटना से भिवंडी क्षेत्र में साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई थी।
गिरफ्तार आरोपी अजय रामअवतार पासी वार्ड नंबर 7, कुशवाहगांव, नेपाल का रहने वाला है। उसे शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे परसा स्टोन रोड क्रॉसिंग, शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार किया गया।
यूपी एसटीएफ के मुताबिक
नारपोली पुलिस थाना, भिवंडी, जिला ठाणे, महाराष्ट्र में धारा 305(ए), 331(3), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। चोरी की इस घटना से भिवंडी क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया था। त्वरित अनावरण के लिए मुंबई पुलिस ने उप्र एसटीएफ से संपर्क किया।
पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर के निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने अभिसूचना संकलन शुरू किया। इसी दौरान पता चला कि आरोपी परसा स्टोन रोड क्रॉसिंग पर मौजूद है। तुरंत टीम और महाराष्ट्र पुलिस की जॉइंट टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पकड़े गये आरोपी नें पूछताछ में घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया है। चोरी का सामान बरामदगी और विस्तृत पूछताछ विवेचक द्वारा की जाएगी। फिलहाल आरोपी को थाना शोहरतगढ़ में दाखिल कर दिया गया है। ट्रांजिट रिमांड और आगे की कार्रवाई नारपोली पुलिस थाना भिवंडी, महाराष्ट्र पुलिस करेगी।


