मलिहाबाद लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में रेलवे स्टेशन पर कोयले से लदी मालगाड़ी में अचानक धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। बुधवार दोपहर अचानक एक मालगाड़ी के डिब्बे से धुआं निकलने लगा। इसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को मलिहाबाद रेलवे स्टेशन पर रोका गया। आनन फानन में इसकी सूचना फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई।
मौके पर पहुंचीं फायर बिग्रेड की मदद व कड़ी मशकत के बाद आग पर काबू पाया गया। मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ की तरफ से रोजा की ओर जाने वाली मालगाड़ी पर दोपहर करीब 11:40 पर धुआं उठने की जानकारी काकोरी स्टेशन से ड्राइवर को हुई। उसकी मालगाड़ी के 21 और 22 वे डिब्बे में धुआं उठ रहा था जिसके बाद इसकी जानकारी मलिहाबाद स्टेशन मास्टर को दी गई।
स्टेशन मास्टर तेजिंदर सिंह ने बताया कि मालगाड़ी में आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम के द्वारा आग को बुझाकर करीब 1 घंटे बाद गाड़ी को रोजा की तरफ रवाना कर दिया गया है। आग किस कारण लगी यह साफ नहीं हुआ है लेकिन आशंका जताई जा रही है कि अधिक गर्मी के मौसम में तेज हवा से कोयले के रगड़ने से आग लगी है।




