मियाँगंज उन्नाव। (संवाददाता) आसीवन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मियाँगंज चौराहे पर लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली और ड्राइवरों की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। लखनऊ-बांगरमऊ और चकलवंशी-सण्डीला मार्ग को जोड़ने वाले इस व्यस्त चौराहे पर जाम और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से विभाग ने हाल ही में डिवाइडर बनवाए थे। लेकिन हैरानी की बात यह है कि ये डिवाइडर निर्माण के 10 दिनों के भीतर ही टूटकर बिखर गए हैं।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने इसे सीधे तौर पर सरकारी धन की लूट करार दिया है। लोगों का कहना है कि चौराहे पर 24 घंटे पुलिस पिकेट की मौजूदगी के बावजूद डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जो ड्राइवरों की मनमानी और निर्माण की खराब गुणवत्ता पर सवालिया निशान खड़ा करता है।
अधिकारियों का पक्ष
लोक निर्माण विभाग के एक्ससीएन सुबोध कुमार ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा कि “मामला हमारे संज्ञान में आया है। जेई को मौके पर जांच के लिए भेजा जा रहा है। भविष्य में डिवाइडरों को सुरक्षित रखने के लिए उनके कोनों पर लोहे के एंगल लगाए जाएंगे ताकि वाहन उनसे टकराकर उन्हें नुकसान न पहुँचा सकें।”
वहीं, आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि चौराहे पर यातायात व्यवस्था बिगाड़ने और गलत तरीके से गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस लगातार वैधानिक कार्रवाई कर रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




