हत्यारों ने शव को कर्णावती नदी में पत्थर बांधकर फेंका था
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सूबे में बेखौफ बदमाशों का आतंक थम नहीं रहा है। मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र स्थित गैपुरा में चार दिन से संदिग्ध हालात में लापता युवक का शव नदी में उतराता मिला। नदी से युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा स्थित राजकीय आईटीआई गैपुरा के पास कर्णावती नदी किनारे बीस वर्षीय राहुल पुत्र ललित का शव संदिग्ध हालात में बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि मृतक कठवैया गांव का रहने वाला था 25 अप्रैल की शाम वह लापता हुआ था।
बताया जा रहा है कि युवक की पहले बेरहमी से हत्या की गई, जिसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया गया।
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि शव को पानी में डुबोकर छिपाने के लिए लगभग 50 किलो का भारी पत्थर बांधा गया था। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
इस निर्मम हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सीओ सिटी विवेक जावला ने बताया कि परिजन की तहरीर पर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया है।




