पुलिस कार्रवाई के बाद हुआ खुलासा, तलाश में जुटी पुलिस
मामले की जांच जारी, बड़ी कार्रवाई की बढ़ी संभावना
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के शामली जिले के कांधला थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव पर हथियारों की हेराफेरी का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस का दावा है कि अमित ने थाने के मालखाने में जमा हथियारों को चोरी कर उन्हें बेचने की कोशिश की। मामले का खुलासा मेरठ जिले की मवाना पुलिस की कार्रवाई के बाद हुआ।मवाना पुलिस ने एक संदिग्ध युवक केशू यादव को पकड़ा था। उसके पास से तलाशी के दौरान एक पिस्टल, एक विदेशी रिवाल्वर, तीन अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे ये हथियार उसके रिश्तेदार अमित कुमार यादव ने दिए थे, जो कांधला थाने में मालखाना प्रभारी के पद पर तैनात था।पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ हथियार कांधला थाने के मालखाने में जमा किए गए लाइसेंसी असलहों से जुड़े हो सकते हैं। बरामद पिस्टल का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसका लाइसेंस पहले ही निरस्त हो चुका था और हथियार को वर्ष 2020 में थाने के मालखाने में जमा कराया गया था।
मवाना पुलिस को बरामद हुई इंग्लैंड निर्मित वेब्ली स्कॉट रिवाल्वर का अभी तक थाने के रिकॉर्ड से मिलान नहीं हो पाया है। पुलिस इस हथियार के स्रोत की भी जांच कर रही है।मामले की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर कांधला थाने में हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने अमित और उसके साथी तुषार को आरोपी बनाया है। दोनों की तलाश के लिए शामली और मेरठ पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।पुलिस पूरे मामले की जाँच पड़ताल कर रही हैं।पुलिस इस मामले में जल्द ही बड़ी कार्रवाई कर सकती हैं।




