बहाने से बुलाया फिर कर दिया था कत्ल, घटना में इस्तेमाल खून से सना डंडा व मोटरसाइकिल बरामद
मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित मऊ गांव में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। कुछ दिन पहले मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित मऊ गांव निवासी रमजान कुरैशी ने अलमास सिद्दीकी उर्फ अज्जू की भांजी से छेड़छाड़ की थी। इसको लेकर अलमास और उसकी बहनों ने मिलकर रमजान को पीटा था। तब रमजान ने बदला लेने की ठान लिया था। 29 दिसंबर 2025 को योजना के तहत बहाने से बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर 22 वर्षीय मोहम्मद अलमास सिद्दीकी उर्फ अज्जू के सिर पर डंडे से वारकर मौत की नींद सुलाने के बाद शव को पुरसैनी गांव के पास नहर किनारे झाड़ियों में फेंककर भाग निकले थे। इसका राजफाश कर मोहनलालगंज पुलिस ने मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित मऊ गांव निवासी रमजान कुरैशी, अरमान कुरैशी व सूरज को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
एडीसीपी साऊथ रल्ला पल्ली वसन्ध कुमार के मुताबिक अभियुक्त और मृतक अलमास पहले से एक-दूसरे के परिचित थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार रमजान कुरैशी मृतक अलमास की भांजी से एकतरफा प्रेम कर रहा था इसकी भनक लगते ही अलमास और उसके घरवालों ने विरोध कर रमजान की धुनाई की थी। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार किया है।
सनद रहे कि मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित मऊ गांव के बड़ी मस्जिद चिकमंडी निवासी रबी मोहम्मद सिद्दीकी का छोटा बेटा 29 दिसंबर 2025 की शाम सात बजे घर से खुजौली जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा था। दूसरे दिन मंगलवार को उसकी हत्या कर फेंकी गई लाश मिलने से घरवालों में कोहराम मच गया था। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक इस मामले में गहनता से छानबीन की गई तो पता चला कि कुछ दिनों पहले यहीं के रहने वाले रमजान कुरैशी से किसी बात को लेकर अलमास सिद्दीकी के बीच कहासुनी हुई थी। बस इतना सबूत मिलते ही पुलिस कातिलों की तलाश में जुट गई। पुलिस आनन-फानन में रमजान कुरैशी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो वह जुर्म इक़बाल करते हुए कहा कि वह अपने साथियों अरमान और सूरज के साथ मिलकर अलमास सिद्दीकी उर्फ अज्जू को बहाने बुलाया और मौत की नींद सुला दिया। यह घटना पुलिस के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं थी, लेकिन मोहनलालगंज पुलिस ने 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर कातिलों को धरदबोचा।




