सात कुंतल 33 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद
बरामद अवैध गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.83 करोड़ रुपए बताई जा रही है
उड़ीसा व आंध्र प्रदेश से गांजा लाकर यूपी में करते थे सप्लाई
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस के सहयोग से यूपी एसटीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी करने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह का राजफाश किया है। पकड़े गए तस्करों के पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बांदा निवासी विनोद कुशवाहा, हमीरपुर निवासी जितेन्द्र शिव हरे, के रूप में हुई।
एसटीएफ टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 7.33 कुंतल अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा पुलिस को इनके पास से दो मोबाइल फोन तथा टाटा कंटेनर नंबर HR 55 W 3217 भी बरामद किया गया।एसटीएफ को मुखबिर के जरिए सूचना मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है। पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में टीम द्वारा लगातार अभिसूचना संकलन किया जा रहा था। सूचना के आधार पर मोहनलालगंज क्षेत्र में घेराबंदी कर टाटा कंटेनर संख्या HR 55 W 3217 को रोका गया। कंटेनर की गहन तलाशी के दौरान उसके भीतर विशेष रूप से बनाई गई कैविटी में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में तस्करों अपना जुर्म इक़बाल करते हुए कहा कि उनका गिरोह उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर मध्य प्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश और बिहार में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता है, जिससे भारी मुनाफा कमाया जाता है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में सक्रिय रूप से जुटी हुई है। इस अहम अभियान में निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अतुल चतुर्वेदी, प्रदीप सिंह, देवेंद्र पाल सिंह, अरशद, मुख्य आरक्षी नीरज पाण्डेय, सुशील सिंह, राम निवास शुक्ला, राजीव कुमार, आरक्षी बृजेश बहादुर सिंह, अमित त्रिपाठी, श्रीराम सिंह, अमर श्रीवास्तव तथा आरक्षी चालक कुमदेश यादव की अहम भूमिका रही।




