820 बोरी डीएपी के साथ एक गिरफ्तार
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने विभिन्न फर्टिलाइजर कंपनियों के नाम पर नकली खाद की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर हरदोई से 820 बोरी नकली डीएपी खाद के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के अनुसार 16 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे थाना पिहानी क्षेत्र के ग्राम डेलपडरवा स्थित हरियाली किसान सेवा केंद्र पर छापा मारा गया। मौके से ट्रेलर नंबर एचआर 46 जी 5567 से उतारी जा रही 820 बोरी नकली डीएपी खाद बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश कुमार निवासी चौगानपुर, पोस्ट मैगलगंज, जनपद खीरी के रूप में हुई है। उसके पास से फर्जी बिल वाउचर, एक मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और ट्रक-ट्रेलर बरामद किया गया है।
एसटीएफ मुख्यालय को नकली खाद बेचने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में निरीक्षक शैलेंद्र कुमार की टीम नें कार्रवाई शुरू की।
टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि हरदोई के पिहानी क्षेत्र में हरियाली किसान सेवा केंद्र के संचालक द्वारा नकली खाद की बड़ी खेप मंगवाई गई है। सूचना पर निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने जिला कृषि अधिकारी हरदोई को साथ लेकर बताई गई जगह पर छापा मारा। मौके पर ट्रेलर से नकली खाद उतारी जा रही थी।
जांच में प्रस्तुत ई-वे बिल में सामग्री के कॉलम में रॉ ग्रानुल्स अंकित था और उसे हिसार, हरियाणा से उड़ीसा भेजा जाना दिखाया गया था।
पूछताछ में अखिलेश ने बताया कि डेलपडरवा केंद्र का प्रोपराइटर कुलदीप सिंह है लेकिन वास्तव में उसे रजनीश सिंह चलाता है। उसी के कहने पर उसने हिसार हरियाणा की फर्म मेसर्स श्री कृष्ण सुदामा एग्रो टॉनिक से भारत डीएपी व भू-क्रांति डीएपी ब्रांड की नकली खाद मंगवाई थी और आज उतरवाई जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना पिहानी में धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस व 3,7 आवश्यक वस्तु अधि0 1955 के तहत अभियोग पंजीकृत कर स्थानीय पुलिस को सुपुर्द किया गया है। अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।





