August 4, 2026 2:01 am

योगी सरकार की पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था का असर: बीटीईयूपी ने घोषित किया सम सेमेस्टर एवं वार्षिक परीक्षा-2026 का परिणाम

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा को पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल के मार्गदर्शन में प्राविधिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने सम सेमेस्टर/वार्षिक एवं विशेष बैक पेपर परीक्षा मई/जून-2026 का परिणाम घोषित कर दिया है।

 

प्राविधिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव, प्राविधिक शिक्षा विभाग डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम् ने परिषद की परीक्षा समिति की संस्तुति के आधार पर सम सेमेस्टर (द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर) तथा वार्षिक परीक्षा के चयनित पाठ्यक्रमों का परिणाम घोषित करने का निर्णय लिया।

 

प्राविधिक शिक्षा परिषद द्वारा 4 मई से 5 जून 2026 तक प्रदेश के 236 परीक्षा केंद्रों पर सम सेमेस्टर, वार्षिक एवं विशेष बैक पेपर परीक्षाएं शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराई गईं। इन परीक्षाओं में कुल 2,68,686 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से सेमेस्टर प्रणाली के 1,24,671, वार्षिक प्रणाली के 1,27,304 तथा विशेष बैक पेपर के 16,711 परीक्षार्थी शामिल रहे।

 

योगी सरकार की पारदर्शी मूल्यांकन व्यवस्था के अनुरूप उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन प्रदेश के 157 राजकीय एवं अनुदानित पॉलिटेक्निक संस्थानों में कराया गया, जिससे समयबद्ध तरीके से परिणाम घोषित करना संभव हो सका।

 

घोषित परिणाम के अनुसार द्वितीय सेमेस्टर में 53,620 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 66.90 रहा। वहीं चतुर्थ सेमेस्टर में 40,646 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 90.85 दर्ज किया गया। वार्षिक परीक्षा के अंतर्गत इंडस्ट्रियल सेफ्टी पाठ्यक्रम का उत्तीर्ण प्रतिशत 84.42 रहा।

 

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अनुचित साधनों के प्रयोग के आरोपित 90 परीक्षार्थियों का परिणाम परीक्षा समिति के निर्णयानुसार रोक दिया गया है। इसके अलावा 437 उत्तर पुस्तिकाओं पर मोबाइल नंबर अंकित करने वाले परीक्षार्थियों को संबंधित विषय में शून्य अंक प्रदान करने का निर्णय भी लिया गया है।

 

बैठक में प्राविधिक शिक्षा निदेशक प्रभाकर चन्द्र मिश्र तथा शोध, विकास एवं प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक एफ.आर. खान सहित परीक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

छात्र-छात्राएं एवं संस्थान अपना परीक्षा परिणाम प्राविधिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.bteup.ac.in पर देख सकते हैं।

62
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!