एक लुटेरा गिरफ्तार, एक साथ तीन घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा
सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, महिला का लूटा गया बैग व पांच हजार रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। रहीमाबाद पुलिस ने महिलाओं से सरेराह लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा कर एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पकड़ा आरोपित शातिर किस्म का अपराधी है और इससे पहले कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस को पकड़े गए आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, महिला से लूटा गया बैग, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल व पांच हजार रुपए की नकदी बरामद हुई है।
डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित की पहचान रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित महिमा खेड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय विजय रावत पुत्र गुड्डू रावत के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सितंबर महीने में सालेह नगर पुलिया के पास मोटरसाइकिल के पीछे बैठी महिला से सरेराह पर्स लूटा था। इसके अलावा माल थाना क्षेत्र में सितंबर माह में ही लूटपाट की थी, जबकि शिवपुर मोड़ क्षेत्र में महिला से लूटपाट करने की बात स्वीकार किया है। पुलिस ने तीनों घटनाओं को एक साथ खुलासा कर आरोपित को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।





