June 13, 2026 4:15 am

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत, परिवार में कोहराम

मृतक रामचंद्र की फाइल फोटो

 

औरास (उन्नाव)। (संवाददाता) लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। एक्सप्रेसवे पार कर रहे एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय औरास पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमाल नगर निवासी रामचंद्र (60 वर्ष) पुत्र श्री राम, करीब 20 दिन पहले घास लगाने के काम से बहराइच गए हुए थे। वहां से काम खत्म कर वह एक पिकअप डाले में सवार होकर वापस अपने घर जमाल नगर लौट रहे थे।

पैदल दूसरी लाइन पार करते समय काल बनी रफ्तार

जैसे ही पिकअप डाला उनके गांव के सामने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 274 पर पहुंचा, रामचंद्र वहां उतर गए। डाला से उतरने के बाद जैसे ही वह पैदल ही एक्सप्रेसवे की दूसरी लाइन पार करने लगे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामचंद्र की मौके पर ही सांसें थम गईं।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) औरास लाया गया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही औरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

मृतक रामचंद्र अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में पत्नी आनार कल्ली, दो बेटे और दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि रामचंद्र अपने सभी चारों बच्चों की शादी कर चुके थे। बुजुर्ग मुखिया की इस तरह अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।

60
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!