इटौंजा, लखनऊ। (संवाददाता) बख्शी का तालाब क्षेत्र के इटौंजा थाना अंतर्गत अर्जुनपुर हाईवे रोड पर बाइक टकराने के बाद शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने एक युवक को जातिसूचक गालियां देते हुए दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अर्जुनपुर निवासी राज रावत सड़क पार कर दही लेने जा रहे थे। इसी दौरान बख्शी का तालाब की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे तीन बाइक सवार युवकों की बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि राज रावत सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि जब उन्होंने युवकों से सही तरीके से वाहन चलाने की बात कही तो वे भड़क उठे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर समझौते की बातचीत चल ही रही थी कि आरोपित युवक अपने कुछ अन्य साथियों को बुलाकर वापस पहुंच गए। इसके बाद अर्जुनपुर चौराहे पर दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया और जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
मारपीट के दौरान पीड़ित का मोबाइल फोन टूट गया, जबकि उसकी सोने की चेन भी गिर गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद पीड़ित इटौंजा थाने पहुंचा और लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस के अनुसार मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




