November 3, 2026 9:56 pm

लखनऊ: मलिहाबाद में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, आरा मशीन संचालक को मारी गोली; हालत नाजुक

​लखनऊ। ​राजधानी के मलिहाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत माल रोड रेलवे क्रॉसिंग के निकट काज़ीखेड़ा में शनिवार दोपहर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी के बाद दूसरे पक्ष के युवक ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिसमें आरा मशीन संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
​विवाद और घटनाक्रम
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, काज़ीखेड़ा निवासी राजू यादव की आरा मशीन है। आरा मशीन संचालक राजू यादव और दूसरे पक्ष के रफे तथा उनके पुत्र बिलाल के बीच काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा था।
​शनिवार को दोपहर लगभग 3:00 बजे आरा मशीन पर दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि इसी दौरान बिलाल ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से राजू यादव पर गोली चला दी। गोली राजू यादव के गर्दन के पिछले हिस्से (पूठे) को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
​पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
​दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और थाना प्रभारी मलिहाबाद सुरेंद्र कुमार भाटी भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
​पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायल राजू यादव से बातचीत कर पूरी जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से घायल को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया।
​ट्रॉमा सेंटर रेफर, हालत नाजुक
​मलिहाबाद CHC में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने राजू यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल की हालत अभी बेहद नाजुक बनी हुई है।
​पुलिस जांच जारी
​स्थानीय पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!