August 8, 2026 2:14 am

लखनऊ: रंजिश में युवती से अश्लीलता और लोहे की रॉड से सिर फोड़ा, पुलिस की निष्क्रियता पर एसीपी से न्याय की गुहार

लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम थरी में दबंगों द्वारा एक युवती और उसके परिवार पर जानलेवा हमला करने और अश्लील हरकतें करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय थाने में कोई सुनवाई न होने से परेशान होकर पीड़िता की मां ने सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), मलिहाबाद से न्याय की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम थरी निवासी फूलमती पत्नी राम बाबू की बेटी काजल को गांव के ही कुछ दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते रास्ते में घेर लिया। शिकायत पत्र के मुताबिक, आरोपी अंकूल, लखन (पुत्र रामू), और सतीश सूनी (पुत्र राजकुमार) ने एकजुट होकर काजल को अपशब्द कहे। जब पीड़िता की मां ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

चीख-पुकार सुनकर जब फूलमती की दूसरी बेटी बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि लखन और अंकूल ने युवती का दुपट्टा फाड़ दिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे। दबंगों के चंगुल से बचने के लिए जब पीड़िता ने आपातकालीन नंबर 112 डायल किया, तो पुलिस को आता देख आरोपी मौके से भागने लगे। लेकिन भागते समय मुख्य आरोपी अंकूल ने काजल के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार कर दिया। हमले में काजल का सिर फट गया और अत्यधिक खून बहने के कारण उसे गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़िता फूलमती का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने स्थानीय थाना माल में लिखित प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद, दबंग प्रवृत्ति के आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय पुलिस की इस निष्क्रियता और आरोपियों की लगातार धमकियों से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने मलिहाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के समक्ष उपस्थित होकर उचित कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!