महिला प्रसव के चलते थी परेशान, सुरक्षित डिलीवरी कराकर भेजा राजकीय नारी संरक्षण गृह
जच्चा-बच्चा स्वस्थ व सुरक्षित, दो महिला कांस्टेबलों ने पूरी तरह से की देखभाल, अफसरों के अलावा आम जनता ने की सराहना
ए अहमद सौदागर लखनऊ। वजीरगंज थाना क्षेत्र के कैसरबाग बस स्टैंड पर एक महिला दर्द से कराह रही थी। गश्त पर निकले इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी की नजर उस महिला की ओर गई और आनन-फानन में दो महिला कांस्टेबलों को बुलाकर उनकी मौजूदगी में अस्पताल भिजवाया। कुछ देर बाद ही महिला ने एक शिशु को जन्म दिया। पुलिस की मेहनत और तत्परता का नतीजा कि जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक वह दल-बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे कि इसी दौरान कैसरबाग बस स्टैंड के पास नजर गई देखा कि एक महिला कराह रही थी। उसकी हालत देख इंस्पेक्टर वजीरगंज ने महिला कांस्टेबल मूर्ति भारती व महिला आरक्षी सोनम को बुलाकर उनकी मौजूदगी में महिला को रेडक्रास अस्पताल भिजवाया। पुलिस की तत्परता और बहादुरी देख अस्पताल के डॉक्टरों ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाज शुरू किया। दोनों जांबाज महिला पुलिसकर्मी भी पूरी तरह से डटी रहीं। जैसे ही किलकारियां गूंजी तो दोनों महिला कांस्टेबलों के चेहरे खिल उठे कि उनकी मेहनत कामयाब हुई। दोनों जच्चा-बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित व स्वस्थ हैं। इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक महिला की पहचान राजस्थान राज्य के सिकरी निवासी 25 वर्षीय के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी महिला के घरवालों को दे दी गई। वहीं पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक रंजीत पाठक, महिला आरक्षी मूर्ति भारती व महिला आरक्षी सोनम की सराहना करते हुए शाबाशी दी। इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी की टीम ने मिशाल पेश कर आम जनता के बीच के अलावा पुलिस महकमे का मान बढ़ाया।


