सभी की गृहस्थी जल कर हुई राख, जुबां पर बस अपनों को बचा लेने की गुहार
बदहवास होकर मदद के लिए दौड़ते रहे परिवार, दहशत में हर कोई जान बचाने को भागता रहा
एडीजी फायर सुजीत कुमार पांडेय, पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार, जिलाअधिकारी सहित कई अफसर मौके पर
ए अहमद सौदागर लखनऊ। विकासनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर 14 टेढ़ी पुलिया के पास रिंग रोड के किनारे बसी झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों में रोज की तरह बुधवार दोपहर तक खिलखिलाहट से गुलजार थी। अचानक खिलखिलाहट चीख-पुकार में बदल गई। कहीं से निकली चिंगारी से करीब दो सौ बनी झोपड़ियों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपट इतनी तेज थी कि कोई भी शख्स आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। सूचना मिलते ही एडीजी फायर सुजीत कुमार पांडेय, पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर, संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार व जिला अधिकारी सहित कई अफसर मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। मौके पर पहुंची दो दर्जन दमकल की गाड़ियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की लपटों के भय से कुछ समय तक खामोशी हुई विकासनगर में बनी झोपड़ियों से अचानक से चीख-पुकार की आवाज और बचा लेने की गुहार लगाती चीखों से गूंजने लगी। जिसे जहां और जिस तरह राह दिखाई दिया भागने लगे। किसी के चेहरे पर आग की लपट की झुलस तो किसी के चेहरे पर दहशत का साया दिख रहा था।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी आग बुझाने में लगे थे, लेकिन आग की लपट इतनी तेज थी कि उन्हें भी आगे नहीं बढ़ने नहीं दे रही थी। इस मामले में पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने बताया कि इस घटना में दो सौ से अधिक झोपड़ियां जलीं हैं और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।




