दहशत फैला कर गवाही देने से रोकता गवाहों को, संगठित गिरोह बनाकर देता था घटना को अंजाम
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अंतरराज्यीय आपराधिक मामले में काफी दिनों से फरार चल रहे पचीस हजार रुपए के इनामी बदमाश मोहित यादव को इंस्पेक्टर विकासनगर आलोक कुमार सिंह की टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इनामी कुख्यात बदमाश मोहित यादव संगठित गिरोह बनाकर अपनी दबंगई के बल पर अपने खिलाफ गवाही देने वाले गवाहों को धमकी देता था।
इंस्पेक्टर विकासनगर आलोक कुमार सिंह के मुताबिक 24 मई 2026 पकड़े गए मोहित यादव के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा में कार्रवाई की गई थी। इस मामले की विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह मुकदमा दर्ज कर प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र स्थित हरखपुर गांव निवासी 28 वर्षीय मोहित यादव पुत्र महारानी दीन के खिलाफ अदालत के समक्ष गैंग चार्ट दाखिल किया था। बताया जा रहा है मोहित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के आलाधिकारियों ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। इंस्पेक्टर विकासनगर आलोक कुमार सिंह के मुताबिक अभियुक्त जनता में डर, भय, एवं दहशत फैलाने तथा फिरौती जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम देकर फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि यही नहीं उसके खिलाफ कोई गवाही देने के लिए कदम उठाता तो उसे भी जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित शातिर किस्म का अपराधी है और क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ था।




