घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार
पुरानी रंजिश को लेकर हुई घटना का मामला आया सामने
नामजद रिपोर्ट दर्ज, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। विकासनगर इलाके में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश ने रविवार को खूनी रूप अख्तियार कर लिया। एक पक्ष के लोगो ने दूसरे पक्ष के हनी तिवारी के ऊपर गोलियों की बौछार कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ है। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर हमलावरों को तलाश रही है।
विकासनगर क्षेत्र निवासी हनी तिवारी ने पुलिस को बताया कि उसे जान से मारने की नीयत से रोहित नाम के व्यक्ति फायरिंग की है। पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि तीन महीने पहले हनी तिवारी व रजत नाम के शख्स ने रोहित के ऊपर गोलियों की बौछार की थी। इस मामले में अलीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी और हनी तिवारी व रजत जेल गए थे। पुलिस का कहना है जांच-पड़ताल में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। पुलिस पीड़ित हनी तिवारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।




