June 6, 2026 11:33 am

विभूतिखंड: युवक की बेरहमी से हत्या करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल खून से सना पत्थर बरामद 

चौथा आरोपित फरार, डीसीपी पूर्वी ने गिरफ्तारी के लिए घोषित किया 25 हजार का इनाम 

विनम्र खंड में हुई घटना का मामला 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीती 25 मई 2026 की रात अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित रामनगर निवासी 30 वर्षीय शिवम सिंह उर्फ शिव स्वयं सिंह की ईट-पत्थर से ताबड़तोड़ वारकर मौत की नींद सुलाने वाले तीन हत्यारोपितों को इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह की टीम ने सर्विलांस, पूर्वी जोन की क्राइम टीम के सहयोग से शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज मामले का राजफाश किया है। पुलिस को इनके पास से घटना में इस्तेमाल खून से सना पत्थर बरामद हुआ है। अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी के मुताबिक इस घटना में शामिल एक युवक फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। उन्होंने बताया कि फरार इनामी बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

सनद रहे कि बीते 25 मई 2026 की रात विभूतिखंड थाना क्षेत्र के विनम्र खंड में सड़क किनारे एक युवक खून से लथपथ पड़ा मिला था। इस मामले की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल युवक को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी के मुताबिक अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित रामनगर धौरहरा निवासी सौरभ सिंह ने शव की पहचान अपने 30 वर्षीय शिवम सिंह उर्फ शिव स्वयं सिंह के रूप में की थी। उन्होंने बताया कि इस सौरभ सिंह की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हत्यारों की तलाश में इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह के नेतृत्व में टीमें लगाई गई थी।

इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह की टीम में शामिल वरिष्ठ उपनिरीक्षक सैयद अब्बास रजा, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, उपनिरीक्षक सिद्धान्त सिंह, उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश सिंह, कांस्टेबल अभिषेक कुमार, कांस्टेबल आकाश कुमार, कांस्टेबल आशीष यादव व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शनिवार को इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर तीन कातिलों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह के मुताबिक पकड़े गए तीनों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम अलीगंज क्षेत्र के डालीगंज क्रासिंग निवासी शांतनु उर्फ अंकित रावत, सेक्टर बी अलीगंज निवासी हनी तिवारी उर्फ विवेक व आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र स्थित नर्वे गांव निवासी विवेक सिंह पुत्र पिंकू सिंह बताया। अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी के मुताबिक इस घटना में शामिल आजमगढ़ जिले के दीदार गंज थाना क्षेत्र स्थित सुरहन गांव निवासी अनुज सिंह पुत्र तन्मय सिंह फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

59
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!