November 4, 2026 7:00 pm

संभल के श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को मिली बम से उड़ाने की धमकी 

पुलिस महकमे में हड़कंप, बब्बर खालसा से जुड़े होने का दावा

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ । यूपी के संभल जिले में स्थित निर्माणाधीन श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी मिली है। आचार्य ने विदेशी नंबर से आए धमकी भरे कॉल को लेकर संभल एसपी को शिकायत दी है और गृह मंत्रालय व पंजाब पुलिस को भी ईमेल के जरिए जानकारी भेजी है।

आचार्य प्रमोद कृष्णम के अनुसार 24 सितंबर की रात उन्हें कुलबीर सिंह सिद्धू नाम के व्यक्ति ने दो ऑडियो कॉल कर बम और रॉकेट लॉन्चर से उड़ाने की धमकी दी। कॉल पंजाबी भाषा में था। आचार्य का आरोप है कि धमकी देने वाले का संबंध आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल और जालंधर बम विस्फोट मामले से है।

इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मुझे अंतरराष्ट्रीय और अनट्रेसेबल नंबरों से कॉल आ रहे थे, जिन्हें मैं नहीं उठा रहा था। दो-तीन दिन पहले मुझे पंजाबी में एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला। यह संवेदनशील मामला है, इसलिए इसे आप सभी के साथ साझा कर रहा हूं। मेरा पूरा जीवन श्री कल्कि धाम के निर्माण के लिए समर्पित है।

उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले ने कहा कि वह रॉकेट लॉन्चर से सबको उड़ा देगा। कुछ राष्ट्रविरोधी ताकतें देश को खालिस्तान में बदलना चाहती हैं और हिंदू-सिखों को अलग करना चाहती हैं, जबकि हिंदू और सिख एक ही माता की संतान हैं।

ग्राम एंचोडा कम्बोह में निर्माणाधीन कल्कि धाम के पीठाधीश्वर को मिली इस धमकी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आचार्य ने धमकी का ऑडियो और नंबर यूपी पुलिस को सौंप दिया है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!