August 8, 2026 2:23 am

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मनाई गई महाराजा अग्रसेन जयंती

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में महाराजा अग्रसेन की जयंती मनाई गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने महाराजा अग्रसेन की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन अग्रोदय नामक गणराज्य के महाराजा थे, जिसकी राजधानी अग्रोहा थी। वे धार्मिक, शांति दूत, बलि प्रथा को बंद करवाने वाले दयालु राजा थे श्री यादव ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने जिन जीवन मूल्यों को ग्रहण किया उनमें परम्परा व प्रयोग का संतुलित सामंजस्य अपने शासनकाल में स्थापित किया। समाज के सभी वर्गो के कल्याण के लिए कार्य किया। बंधुत्व और सद्भाव का उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है।

इस अवसर पर अपने सम्बोधन में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण व्यापार, कारोबार चौपट हो गया है। सरकार ने गलत तरीके से जीएसटी लगाकर महंगाई को बढ़ा दिया। मुनाफाखोरी को बढ़ावा दिया। महंगाई, अन्याय, अत्याचार से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। अवैध कारोबारियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। जमीनों, तालाबों पर अवैध कब्जे हो रहे है। पशुओं की तस्करी, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, मिलावटखोरी और तमाम तरह के गलत काम हो रहे हैं। सरकार अवैध कामों को रोकने में विफल है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। हत्या, लूट, बेईमानी रूकने का नाम नहीं ले रही है। भाजपा सरकार का पुलिस पर नियंत्रण नहीं रह गया है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। पुलिस से गलत काम करवाती है। अपने राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं पर झूठे मुकदमें लगवाती है। जब भाजपा सरकार पुलिस से पॉलिटिकल पोलिंग करायेगी, उन्हें चुनावी गोरखधंधे का हिस्सा बनाएगी तो अवैध कार्यों, भ्रष्टाचार और वसूली में पुलिस की मिलीभगत को नज़र अंदाज करने पर मजबूर भी होगी।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल है। हत्या, लूट, बलात्कार, चेन स्नेचिंग की घटनाएं बढ़ती जा रही है। इस सरकार में महिलाओं-बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं कम नहीं हो रही है। महिलाओं के साथ देश में सबसे ज्यादा अपराध उत्तर प्रदेश में हो रहे है। इस सरकार ने पुलिस को खराब कर दिया है। हर तरह का भ्रष्टाचार हो रहा है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है। आम जनता त्रस्त है। अन्याय, अत्याचार की पराकाष्ठा है। लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार ने अपने कारनामों से पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। यह सरकार जाएगी तभी न्याय मिलेगा। कानून व्यवस्था में सुधार होगा। अवैध कारोबार पर रोक लगेगी। स्वास्थ्य-व्यवस्था में सुधार होगा।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से सर्वश्री अवधेश प्रसाद सांसद, अरविन्द कुमार सिंह पूर्व सांसद, पूर्व विधायक रुश्दी मियां, विधायकगण सुरेश यादव, गौरव रावत तथा हृदयनारायण सिंह पटेल, पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय, अपर्णा जैन राष्ट्रीय सचिव, विशाल अग्रवाल, नितेंद्र यादव, संजय अग्रवाल, विनय गुप्ता, नीरज गुप्ता, सुनील जैन, अंकुश, अमर आदि ने भी नमन किया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!