ए अहमद सौदागर लखनऊ। अंजान लिंक के माध्यम से मोबाइल हैक कर की गई साइबर ठगी के मामले में चील्ह थाना की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 70 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। खाते में धनराशि वापस आने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
चील्ह थाना क्षेत्र के हुसैनीपुर निवासी भीम पाल ने 9 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 33107260163400 के माध्यम से बताया गया कि अंजान लिंक के जरिए मोबाइल हैक कर उनके साथ 95 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद चील्ह साइबर सेल ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में टीम ने लेन-देन से संबंधित खातों की जांच करते हुए 70 हजार रुपये की धनराशि होल्ड कराई।
पुलिस के प्रयास से 22 सितंबर को होल्ड कराई गई 70 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और पुलिस अधिकारियों तथा चील्ह साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया।
पुलिस टीम ने पीड़ित को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए अंजान लिंक पर क्लिक न करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की अपील की।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भरत उपाध्याय, उपनिरीक्षक मनोज सिंह और महिला आरक्षी सोनाली पाण्डेय शामिल रहे।





