August 11, 2026 12:13 am

सीतापुर में नवंबर 2026 में 51 जरूरतमंद बेटियों के सामूहिक विवाह का होगा आयोजन

खैराबाद आगमन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला का भव्य स्वागत, गुरुकुल निर्माण की भी घोषणा

 

सीतापुर/खैराबाद। (संवाददाता) राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा परिवार द्वारा सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला जी के खैराबाद आगमन पर आयोजित कार्यक्रम में घोषणा की गई कि नवंबर 2026 में सीतापुर जनपद में 51 जरूरतमंद बेटियों का सामूहिक विवाह संगठन के माध्यम से कराया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला जी के खैराबाद आगमन पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में किसान मजदूर प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान गौतम जी, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल कुमार, जिला ब्यूरो चीफ गुड्डू त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष सीतापुर अंकित सहित हजारों की संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला जी ने कहा कि राष्ट्रीय युवा वाहिनी केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि सीतापुर में 51 बेटियों के सामूहिक विवाह के साथ-साथ संगठन द्वारा यहां गुरुकुल निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। गुरुकुल के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं एवं राष्ट्रभावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

51 कन्याओं के सामूहिक विवाह एवं गुरुकुल निर्माण की घोषणा पर उपस्थित पदाधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार जताया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा का मूल संकल्प भारत को वैदिक सनातन राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज को जोड़ना, जरूरतमंदों की सहायता करना, भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं की रक्षा करना तथा राष्ट्रहित में प्रत्येक नागरिक को साथ लेकर आगे बढ़ना है।

उन्होंने कहा “हमारा एक ही संकल्प है—भारत को वैदिक सनातन राष्ट्र बनाने की दिशा में मिलकर कार्य करना। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ आना होगा।”

हिंदू देव प्रकाश शुक्ला जी ने कहा कि संगठन का एक महत्वपूर्ण संकल्प यह भी है कि कोई भी व्यक्ति भूख से न मरे। जरूरतमंदों की सेवा, गरीब परिवारों की सहायता, कन्याओं के विवाह और समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग देना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने ने कहा कि गौ, गीता और गायत्री की रक्षा एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए संगठन निरंतर कार्य करता रहेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रीय युवा वाहिनी द्वारा महिलाओं एवं बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराने तथा कौशल विकास प्रशिक्षण निःशुल्क कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना केवल परिवार की मजबूती नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की मजबूती है। संगठन का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला जी ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं और आम जनता की सेवा के लिए वे सदैव तत्पर हैं।

उन्होंने कहा“ आपको हमारी आवश्यकता कभी भी पड़े—दिन हो या रात, अगर रात के 1 बजे भी आवश्यकता पड़े तो मुझे याद करना। राष्ट्रीय युवा वाहिनी आपके साथ खड़ी मिलेगी। हम सेवा के संकल्प से जुड़े हैं और समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन के सेवा कार्यों को गांव-गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं तथा कंधे से कंधा मिलाकर राष्ट्र एवं समाज के हित में कार्य करें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं हजारों कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, गुरुकुल निर्माण, गौ सेवा तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाने का विश्वास दिलाया।

राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा परिवार ने कहा कि नवंबर 2026 में सीतापुर में होने वाला 51 बेटियों का सामूहिक विवाह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े होने और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने का एक प्रयास होगा।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!