फेसबुक पर भ्रामक और अपमानजनक पोस्ट साझा करने वाले तीन अकाउंट्स के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग
जिलाध्यक्ष बोले: सामाजिक विद्वेष फैलाने और छवि धूमिल करने की रची जा रही है साजिश
उन्नाव औरास। (संवाददाता) आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। शुक्रवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र कुमार चौधरी ने औरास थाना प्रभारी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर तीन फेसबुक अकाउंट संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि ये लोग सुनियोजित तरीके से भ्रामक और अपमानजनक सामग्री पोस्ट कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
एडिटेड तस्वीरों और भ्रामक पोस्ट का आरोप
पुलिस को सौंपे गए पत्र में जिलाध्यक्ष यतीन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि फेसबुक पर ‘शेखर आनंद’, ‘ज्योति राव’ (Jyoti Rav) और ‘बदन सिंह’ (Badan Singh) नाम से संचालित अकाउंट्स द्वारा लगातार आपत्तिजनक सामग्री साझा की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अकाउंट्स से सांसद चंद्रशेखर आजाद की फोटो के साथ छेड़छाड़ (एडिटिंग) कर उनके नाम से झूठे कथन प्रसारित किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाना है।
सामाजिक विद्वेष फैलाने की साजिश
तहरीर में कहा गया है कि इन पोस्टों के माध्यम से यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद ने अपने राजनीतिक सिद्धांतों और महापुरुषों के विचारों से समझौता कर लिया है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी खबरों से बहुजन समाज और आम जनता के बीच भारी भ्रम और आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यह कृत्य न केवल व्यक्तिगत मानहानि है, बल्कि राजनीतिक विद्वेष के चलते आपसी भाईचारे को ठेस पहुंचाने का प्रयास भी है।
कठोर कार्रवाई की मांग
आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उक्त तीनों फेसबुक प्रोफाइल की तत्काल जांच की जाए और उनके संचालकों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए। साथ ही, इंटरनेट से उन आपत्तिजनक पोस्टों को तुरंत हटवाने की अपील भी की गई है।
इस दौरान पार्टी के कई स्थानीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी थाने में मौजूद रहे और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि भ्रामक पोस्ट पर रोक नहीं लगी, तो पार्टी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।




