August 8, 2026 4:52 am

राजकीय आईटीआई लखनऊ में वृहद रोजगार मेला सम्पन्न

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया। विधायक डा. नीरज बोरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया और कहा कि प्रदेश सरकार हर हाथ को काम देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत सभी जिलों में प्रत्येक माह में कम से कम दो रोजगार मेले लगाकर रोजगार सृजन के प्रयास हो रहे हैं। विधायक ने संस्थान के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव और प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खान की टीम की सराहना करते हुए कहा कि रोजगार मेलों के आयोजन से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।

प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खान ने जानकारी दी कि इस मेले में कुल 10 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में 553 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 375 युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किये गये।

इसके अतिरिक्त, देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर विधायक ने उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि देवी अहिल्या बाई होल्कर का जीवन महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है और सरकार उनके योगदान को सदैव सम्मान देती है। समारोह में राजमाता अहिल्या बाई के जीवन परिचय पर भी प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर पृथ्वी गुप्ता, सभासद अलीगंज लखनऊ, डी० के० सिंह निदेशक प्राविधिक, अनिल वर्मा संयुक्त निदेशक, लखनऊ मंडल, रमेश वर्मा ट्रेनी आई० ए० एस० एवं संस्थान के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विधायक ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लाभार्थियों को टैबलेट वितरित किये तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पी०एम०के०वाई) के तहत प्रशिक्षार्थियों को ड्रेस एवं प्रमाण पत्र दिये गये।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!