August 8, 2026 3:43 am

राजधानी में हाईअलर्ट: गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, हर शख्स रहेगी कैमरे की नजर 

तीन डीसीपी, पांच एडीसीपी, 14 एसीपी सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी रहेंगे मुस्तैद 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधान भवन और उसके आसपास कड़ी सुरक्षा रहेगी। ड्रोन कैमरे की नजर हर एक शख्स पर रहेगी। किसी ने खलल डालने की कोशिश की तो उससे निपटने के लिए राजधानी पुलिस को सतर्क तो किया ही गया है साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स व पीएसी की तीन कंपनी तथा एटीएस टीम को हर समय चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कोई अप्रिय घटना न हो इसके मद्देनजर राजधानी लखनऊ हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। विधान भवन सहित शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने विधान भवन और उसके आसपास बम निरोधक दस्ते के साथ चेकिंग कराई। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी पुलिस दल के साथ सघन चेकिंग करा रहे हैं। जोन के सभी डीसीपी, एडीसीपी व एसीपी अपने-अपने क्षेत्र गहनता से चेकिंग कराते नजर आ रहे हैं। पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने बताया कि विधान भवन, अदालतों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट, शहर के प्रतिष्ठित मॉल व प्रमुख बाजारों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और यह अभियान सोमवार शाम तक चलता रहेगा।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार के मुताबिक सुरक्षा के मद्देनजर विधान भवन और परेड मार्ग तीन जोन और पांच सेक्टरों में बांटा गया है। इस दौरान यातायात व्यवस्था में भी फेरबदल किया गया है।

सुरक्षा की दृष्टि से तीन पुलिस उपायुक्त, पांच अपर पुलिस उपायुक्त, 14 सहायक पुलिस आयुक्त, 55 निरीक्षक, 322 उपनिरीक्षक, 855 मुख्य आरक्षी – आरक्षी, 131 होमगार्ड जवान, तीन कंपनी पीएसी, एक डीएफ एमडी, दो बीडीएस, फायर ब्रिगेड, एलआइयू व कमांडो मुस्तैद रहेंगे। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर पैनी नजर रखने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!