August 8, 2026 3:56 am

एसटीएफ: मिर्ची पाउडर झोंककर आधा दर्जन लूटकांड को अंजाम देकर फरार चल रहा पचास का इनामी लुटेरा गिरफ्तार 

गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के कटरा रेलवे स्टेशन के पास से दबोचा 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। गोंडा जिले के अलग-अलग इलाकों में सरेराह और सरे शाम राहगीरों की आंख में मिर्ची पाउडर झोंककर लूटपाट करने वाले फरार चल रहे पचास के इनामी बदमाश आकाश यादव को यूपी एसटीएफ ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित कटरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई करने के बाद एसटीएफ टीम नवाबगंज थाने में दाखिल किया, जहां से पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित आकाश यादव पुत्र इन्दल यादव गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र स्थित डेबरीकला गांव का रहने वाला है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आकाश शातिर किस्म का लुटेरा है और इसका एक संगठित गिरोह है जो पलक झपकते ही घटना को अंजाम देकर भाग निकलता था।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह का कहना है कि गिरफ्तार आरोपित आकाश अपने साथियों सुमित तिवारी, संदीप मौर्या, आदित्य कश्यप, हरतू कश्यप व अन्य लोगों के साथ मिलकर बीते 23 अप्रैल 2024 की रात कोतवाली देहात क्षेत्र में आंख में मिर्ची पाउडर झोंककर बाइक सवार से लूटपाट की थी। 29 अप्रैल 2024 को दो लोगों की आंख में मिर्ची पाउडर झोंककर 40 हजार रुपए लूटे थे। 21 मई 2024 को एक शख्स रोककर नौ हजार रुपए की नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया था। दो जून 2024 को मोतीगंज थाना क्षेत्र में लूटपाट की थी। दो जून 2024 धानेपुर थाना क्षेत्र में लूट को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी, तभी से आरोपित आकाश यादव फरार चल रहा था। एसटीएफ के मुताबिक फरार चल रहे आकाश यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के आलाधिकारियों ने पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। एसटीएफ टीम ने रविवार को गोंडा जिले के कटरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!