डॉ. आंबेडकर सामाजिक एकता मंच ने मनाई मान्यवर कांशीराम की जयंती: भारत रत्न देने की उठी मांग
लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज स्थित मार्टिन पुरवा बुद्ध मंदिर में डॉ. आंबेडकर सामाजिक एकता मंच के तत्वावधान में बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र कुमार ने मान्यवर साहब के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया।
बहुजन समाज के विकास में अतुलनीय योगदान
सभा को संबोधित करते हुए चौधरी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब का जन्म 15 मार्च 1934 को पंजाब के रोपड़ जनपद के खवासपुर गांव में हुआ था। उन्होंने 1956 में बीएससी की डिग्री हासिल करने के बाद अपना पूरा जीवन शोषितों और वंचितों के हक की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि: “महानायक कांशीराम साहब मात्र एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक जीवंत विचार हैं। बहुजन समाज के आर्थिक और सामाजिक उत्थान में उनका योगदान अद्वितीय है, जो आने वाली पीढ़ियों का सदैव मार्गदर्शन करता रहेगा।”
भारत रत्न की मांग
इस गौरवमयी अवसर पर संगठन ने भारत सरकार से पुरजोर मांग की कि मान्यवर कांशीराम साहब को उनके ऐतिहासिक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया जाए।
इस समारोह में संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री सूरज कुमार गौतम, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार, निहारिका, आशीष कुमार, अभिनव चौधरी, संजीता, गरिमा गौतम, किट्टू, अविका, युवान, सरोज देवी, कांति देवी, संतोष कुमारी, माया देवी और श्री पाल कुरील सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




