लखनऊ। (संवाददाता) कालीचरण पी.जी. कॉलेज, लखनऊ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन “स्वच्छता अपनाएँ, रोग भगाएँ” विषय पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन व्यायाम, प्राणायाम एवं प्रार्थना से हुई, जिसके पश्चात स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल के आसपास स्वच्छता अभियान चलाते हुए श्रमदान किया।
द्वितीय सत्र में आयोजित रैली के माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व तथा उससे जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया। रैली में स्वच्छता संबंधी नारों के जरिए जनसामान्य को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
भोजनावकाश के उपरांत प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए पुस्तक एवं पेंसिल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह को प्रोत्साहन मिला। इसके बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय के हिंदी विभाग के डॉ. नितिन कुमार सिंह ने व्यक्तित्व विकास में शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायक काव्य पंक्तियों के माध्यम से स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
शाम के सत्र में शिविर का सांस्कृतिक एवं औपचारिक समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें काकोरी के ब्लॉक प्रमुख श्री कुंवर राम विलास मुख्य अतिथि एवं ग्राम प्रधान श्री राम पाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के लिए निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा शिविर की सफलता पर शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इसके बाद सभी ने बैठकर आखिरी दिन के गतिविधियों की योजना बनाई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिव कुमार ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अलका द्विवेदी, डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा, डॉ. राजकुमार सिंह सहित सभी स्वयंसेवक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




