निर्माणाधीन प्लाट पर निर्माण करवाने के बदले मांगी थी रकम
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अमीनाबाद के माडल हाऊस निवासी फहीम जहीर के ऊपर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले नामजद आरोपी को इंस्पेक्टर ठाकुरगंज की टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।
सनद रहे कि 18 जनवरी 2026 को अमीनाबाद के माडल हाऊस निवासी फहीम जहीर निर्माणाधीन प्लाट पर निर्माण करा रहे थे कि इसी दौरान मौके पर पहुंचे हमलावरों ने रंगदारी मांगी और न देने पर हमलावरों ने फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में फहीम जहीर ने ठाकुरगंज के जल निगम रोड निवासी इस्लाम उर्फ ओलू सहित सात अन्य लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह चौहान के मुताबिक मुकदमे शामिल इस्लाम उर्फ ओलू को उनकी टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मनबढ़ किस्म का अपराधी और इसके खिलाफ पूर्व में भी कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।




