April 22, 2026 5:58 am

कृष्णानगर: तीन घरों में चोरी करने वाला इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल 

मौके का फायदा उठाते हुए उसका साथी फरार 

पैर में लगी गोली, एक तमंचा, कारतूस सोने की चेन घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीती फरवरी महीने 2026 में कृष्णानगर क्षेत्र में चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम देकर फरार चल रहे बदमाश और कृष्णानगर पुलिस के बीच शुक्रवार सुबह तड़के डूडा कालोनी मानस नगर रोड स्थित आशाराम बापू आश्रम के पास मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से मोटरसाइकिल सवार बदमाश विपिन घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस को मौके से एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस खोखा, सोने की चेन व घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के मुताबिक मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी विपिन के खिलाफ कुल बीस मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के मौके का फायदा उठाते हुए इसका साथी कुलदीप यादव मौके से भाग निकला।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि कृष्णानगर क्षेत्र में बीती फरवरी महीने में तीन चोरी की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने बताया कि इस घटना का राजफाश कर पुलिस ने पूर्व में शिवम नाम के बदमाश को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा था, जबकि विपिन और कुलदीप यादव फरार हो गए थे। बताया जा रहा है फरार चल रहे चोरों की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इस मामले पुलिस ने बदमाशों को चिन्हित करने के लिए आसपास में लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला तो इनकी तस्वीरें कैमरे में कैद मिली थी। जिसके आधार पर कृष्णानगर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।

शुक्रवार सुबह तड़के डूडा कालोनी मानस नगर रोड स्थित आशाराम बापू आश्रम के पास कृष्णानगर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध हालात में आते दिखे। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम घेरेबंदी कर उन्हें दबोचने के लिए आगे बढ़ी कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगते ही एक बदमाश लड़खड़ाकर गिर पड़ा, जबकि मौके का फायदा उठाते हुए एक मौके से भाग निकला। मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के मुताबिक पकड़े गए बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र स्थित तेहरा रंजीत खेड़ा हरदी गांव निवासी विपिन पुत्र गंगाराम बताया। पुलिस के मुताबिक चिनहट क्षेत्र स्थित निजामपुर मल्हौर निवासी कुलदीप यादव पुत्र रमेश यादव मौके से भाग निकला। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि विपिन और कुलदीप दोनों शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनकी गिरफ्तारी के 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ चोरी, लूट व गैंगस्टर एक्ट के अलावा अलावा अलग-अलग धाराओं में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी कुलदीप यादव की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!